वीरवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। काले बादलों के बाद करीब 2 बजे बाद से हो रही बारिश ने पूरे शहर को भिगो दिया। बारिश से रतिया रोड, भुना रोड, रेलवे रोड और निचले इलाकों में पानी भर गया। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और उमस से राहत मिली। तेज बारिश से शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खुल गई। सब्जी मंडी और अस्पताल रोड पर घुटने तक पानी भर जाने से राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी झेलनी पड़ी। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास न जाने और सावधानी बरतने की अपील की है।