हरियाणा के पूर्व विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि सुशासन का अर्थ एक ऐसी व्यवस्था से हैं जिसमें पारदर्शिता, जवाबदेही सुनिश्चित हो और योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। पूर्व कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली सुशासन दिवस के अवसर पर स्थानीय डीपीआरसी हॉल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। अटल बिहारी वाजपेयी जी के शब्दों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सुशासन का मतलब है जनता का शासन, जो आज भी शासन व्यवस्था के लिए मार्गदर्शक सिद्धांत है। यह दिन भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के रूप में मनाया जाता है, जिन्होंने अपने जीवन और कार्यों से देश को सुशासन की स्पष्ट दिशा दी। उन्होंने कहा कि अटल जी का मानना था कि शासन का उद्देश्य जनता की सेवा होना चाहिए और प्रत्येक निर्णय जनहित में लिया जाना चाहिए।