संयुक्त किसान मोर्चा की आह्वान पर आज फतेहाबाद के लघु सचिवालय के बाहर किसानों ने धरना दिया। भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहा सहित विभिन्न किसान संगठनों ने धरना प्रदर्शन में भाग लिया। किसानों के द्वारा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। पंजाब सरकार के खिलाफ भी किसानों ने रोष जाहिर किया, इसके बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम जिला प्रशासन को मांग पत्र सौंपा गया। मीडिया से बातचीत करते हुए किसान नेता अखिल भारतीय किसान सभा के उप प्रधान रामस्वरूप ने बताया कि आज संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर पूरे हरियाणा में जिला स्तर पर किसान धरना प्रदर्शन करके अपनी मांगों को लेकर मांग पत्र सौंप रहे हैं। उन्होंने कहा कि खराब हुई फसलों की मुआवजा सहित कुल 17 मांगे, इस मांग पत्र में रखी गई है। उन्होंने कियान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का समर्थन भी किया और कहा कि जगजीत सिंह डल्लेवाल किसानों के लिए मरण व्रत पर बैठे हैं, सरकार को उनकी मांग ही माननी चाहिए। वहीं केंद्र सरकार के साथ चल रही बातचीत को लेकर रामस्वरूप ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि सरकार किसानों की मांगों का समाधान करने के प्रति रुचि दिखा रही है, जब तक किसान आंदोलन को तेज नहीं करेगी सरकार मांग नहीं मानेंगी।