शहर में अतिक्रमण और गंदगी को लेकर गुरुवार देर शाम डीएमसी संजय बिश्नोई ने भूना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे बनाए गए रैंप तुरंत हटाए जाएं और अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शहर की सुंदरता और यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी तरह के अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका सचिव दीपक कुमार ने बताया कि शहर में अतिक्रमण हटाने को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। वहीं स्वच्छता मिशन के तहत कर्मचारी ईमानदारी से कार्य कर रहे हैं। डीएमसी ने शहर के प्रमुख चौकों और चौराहों पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और कुछ जगहों पर लापरवाही पाए जाने पर और अच्छा करने के लिए हिदायत दी। श्याम विहार कॉलोनी और ढाणी सांचला रोड पर खेतों से आ रहे बारिश के पानी को रोकने को लेकर भी अधिकारियों के साथ गहन मंथन किया गया। डीएमसी ने जल्द समाधान के निर्देश दिए ताकि लोगों को बारिश में परेशानी न हो।