फतेहाबाद के टोहाना में मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की टीम ने आरटीए प्रशासन के साथ मिलकर टोहाना शहर हिसार रोड और चंडीगढ़ रोड पर ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया। इस दौरान चार ओवरलोडिड वाहनों के चालकों को रुकवा कर उनके चालान किए गए। इस दौरान टीम के सदस्यों ने वाहनचालकों को यातायात नियमों का पालन करने और भविष्य में ओवरलोडिंग नहीं करने की हिदायत दी। इन चारों वाहनचालकों के 82 हजार रुपये के चालान किए गए हैं, जिसमें ओवरलोड और बिना नंबर प्लेट के वाहन शामिल रहे। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के साथ आरटीए प्रशासन द्वारा चालान काटने की सूचना पाकर वाहनचालकों में खलबली मची रही और वह रास्ते बदलकर जाते नजर आए। आरटीए टीम के सदस्य रोहताश ने बताया कि सीएम फ्लाइंग के साथ मिलकर उनकी टीम ने चार वाहनों के चालान किए हैं, जिसमें दो ओवरलोडिड, एक बिना नंबर प्लेट और एक लंबाई अधिक होने पर चालान किया गया है। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़नदस्ते के पास शिकायत पहुंची थी कि पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर ओवरलोडिड वाहनों की आवाजाही धड़ल्ले से हो रही है। इन ओवरलोडिड वाहनाें के कारण हादसों की आशंका बनी रहती है। कई बार चालान से बचने के लिए ओवरलोड लेकर चल रहे वाहनचालक अपने वाहनों को लिंक मार्गों पर भी दौड़ा देते हैं। इससे इन मार्गों की सड़कें भी खराब हो रही है।