पूर्व पंचायत एवं विकास मंत्री और भाजपा नेता देवेंद्र बबली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह टोहाना के गांव दीवाना के मौजूदा सरपंच बिट्टू रोज के भाई नरेश के शादी समारोह में डीजे पर थिरकते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में बबली 'यारी यारा दी किथे आजमा ली नी मित्रा दा ना चलदा' पंजाबी गीत पर डांस कर रहे हैं, जबकि उनके समर्थक उन पर रुपए बरसा रहे हैं। यह शादी समारोह उनके सबसे पुराने कार्यकर्ता के भाई का था। सरपंच बिट्टू रोज ने बताया कि पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली उनके भाई नरेश के शादी समारोह में निमंत्रण पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि बबली अपने साथियों और कार्यकर्ताओं के साथ हमेशा मजबूती से खड़े रहते हैं, इसलिए उनके सम्मान में यह गीत बजाया गया और उन पर डांस किया गया। देवेंद्र बबली का राजनीतिक सफर भी चर्चा में रहा है। वह वर्ष 2019 में तत्कालीन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला को हराकर टोहाना से विधायक बने थे। इसके बाद, वह जेजेपी कोटे से मनोहर पार्ट-2 सरकार में पंचायत एवं विकास मंत्री बने। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले बबली भाजपा में शामिल हो गए थे, लेकिन इस चुनाव में उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी परमवीर सिंह ने हरा दिया। बबली अपने बयानों के कारण अक्सर सुर्खियों में रहते हैं और कई बार अपनी ही पार्टी के राज्यसभा सांसद सुभाष बराला पर बिना नाम लिए कटाक्ष करते रहे हैं।