सोनीपत के गांव बैंयापुर में ग्रामीण ने फंदे लगाकर जान दे दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शव विच्छेदन गृह में रखवाया। जहां से शव को खानपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवा दिया। मृतक की पत्नी ने अपने जेठ व उसके परिजनों पर पति को तंग कर आत्महत्या को विवश करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। गांव बैंयापुर निवासी मीना ने सदर थाना पुलिस को बताया कि रविवार दोपहर बाद वह अपने पति सुरेंद्र व परिवार के अन्य सदस्यों संग घर पर थी। इसी दौरान उनके पति सुरेंद्र कमरे से उठकर बाहर चले गए। उसके कुछ देर बाद ही वह तथा उनका बेटा अमित कमरे से बाहर निकले तो देखा कि उनके पति सुरेंद्र पशुओं के लिए बनाए गए बरामदे में लोहे के कुंडे पर रस्सी के सहारे फंदे पर लटके थे।