चरखी दादरी के गांव चिड़िया में झोझूकलां रोड पर वाहन की टक्कर से एक राहगीर की मौत हो गई। उसकी पहचान चिड़िया निवासी मनोज (23) के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चिड़िया निवासी अनिल ने बताया कि मनोज उसका छोटा भाई था और अविवाहित था। सोमवार रात करीब 9 बजे वह गांव की एक दुकान पर सामान लेने के लिए गया था। इस बीच जब वह झोझूकलां रोड पर सीमेंंट प्लांट के पास पहुंचा तो किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में घायल होने पर उसकी मौत हो गई। अनिल सीमेंट प्लांट में काम करता है और रात दस बजे वह काम से फ्री होकर घर जा रहा था। इसी दौरान उसे रोड पर भीड़ दिखाई तो वह उनके पास चला गया। बाद में उसने मृतक को देखा तो वह मनोज मिला। इसके बाद अनिल उसे लेकर नागरिक अस्पताल पहुंचा और परिजनों को भी इसकी सूचना दी। यहां पर चिकित्सकों ने मनोज की जांच उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया। अब मंगलवार सुबह पुलिस ने अनिल के बयान दर्ज किए और पोस्टमार्टम संबंधी प्रक्रिया पूरी की।