नेशनल हाईवे 152डी पर दादरी जिले के गांव रामनगर के समीप रविवार देर रात वाहन की मरम्मत करने गए युवक को पीछे से आ रहे ट्राले ने कुचल दिया। जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के गांव हाजीपुर निवासी 18 वर्षीय साहिब के रूप में हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए दादरी के नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया है। जानकारी के अनुसार राजस्थान के गांव हाजीपुर निवासी साहिब गत शनिवार को दादरी में अपने जीजा शकील के पास आया था। उसके जीजा शकील का दादरी के महेंद्रगढ़ बाईपास पर गैराज है। रविवार रात को वह अपने जीजा के साथ एनएच 152डी पर गांव रामनगर के पास एक वाहन की मरम्मत करने के लिए गया था। मरम्मत करने के दौरान पीछे से आए एक ट्राले ने साहिब को टक्कर मार दी। जिसके कारण साहिब ट्राले के पहिये के नीचे आकर कुचला गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी पाकर डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दादरी के नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया। झोझू कलां थाना पुलिस की ओर से जांच शुरू कर दी गई है।