दादरी शहर की सामाजिक संस्था अग्रवाल सभा के सदस्यों ने पंजाब केसरी लाला लाजपत राय की 161वीं जयंती मनाई। स्थानीय लाला लाजपत राय चौक पर उनकी प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण किया गया। सदस्य तिरंगा के साथ लाला लाजपत राय चौक पर पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता वैश्य एजुकेशन सोसाइटी के प्रधान बलराम गुप्ता ने की। सम्मानित अतिथि के रूप में नगर परिषद के चेयरमैन बख्शी राम सैनी व विशिष्ट अतिथि नगर परिषद के वाइस चेयरमैन संदीप फोगाट ने शिरकत की। दादरी के विधायक सुनील सांगवान ने भेजे संदेश में कहा कि लाजपतराय ने न केवल राजनीतिक स्वतंत्रता के लिए लड़ाई लड़ी बल्कि देश में आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुधारों की नींव भी रखी। कैलाश चंद रिटोलिया ने कहा कि पंजाब केसरी ने आर्य समाज के माध्यम से शिक्षा के प्रसार और अनाथ बच्चों की मदद के लिए भी काम किया। समारोह के अध्यक्ष बलराम गुप्ता ने बताया कि लाजपतराय ने 1928 में साइमन कमीशन के आगमन के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध आंदोलन का नेतृत्व करते हुए पुलिस की लाठीचार्ज का सामना किया। उन्होंने पंजाब नेशनल बैंक की स्थापना भी की थी।