चरखी-दादरी के रामनगर विहार कॉलोनी में कंस्ट्रक्शन साइट पर करंट लगने से एक श्रमिक की मौत हो गई। मृतक अरुण कुशवाहा मूल रूप से मध्यप्रदेश के जिला छतरपुर व गांव डाई बक्सोई का निवासी था। अब परिजनों ने ठेकेदार पर हत्या का आरोप लगाया है और अभी तक पोस्टमार्टम के लिए कार्रवाई नहीं हो पाई है। मृतक की पत्नी गुड्डी ने बताया कि सवा साल पहले उनकी शादी हुई थी और एक साल से ही दोनों दादरी में रह रहे हैं। यहां पर अरुण अपनी बहनों के साथ रहता था और मजदूरी करता था। शनिवार को सुबह दंपति रामनगर विहार कॉलोनी में चल रहे सुनील के घर पर काम करने गए। यहां पर दो राजमिस्त्री अपना काम करने लगे और मकान मालिक सुनील घर के बाहर खड़ा था। उसी दौरान ठेकेदार ने गुड्डी को मसाला बनाने और अरुण को मोटर चलाकर पानी तराई करने के लिए कहा। तभी दोनों अपने काम में लग गए। इस दौरान अरुण अंदर बोर्ड लेकर आया और मोटर के तार लगाने लगा। उस दौरान वह नंगे पांव था और अकेला था। तार लगाते समय अरुण को अचानक करंट लग गया और वह बेसुध होकर गिर गया। बाद में चिल्लाने की आवाज सुनी तो सुनील घर के अंदर आए और श्रमिक को अस्पताल में पहुंचाया। यहां पर चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया और करीब एक घंटे बाद ही अरुण ने दम तोड़ दिया।