सुबह घर से घूमने के लिए निकला ढाणी फोगाट निवासी श्रमिक संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में डूब गया। करीब दो घंटे बाद गोताखोरों की मदद से सुरेश 42 का शव नहर से निकाला जा सका। दादरी सदर थाना पुलिस ने उसके चचेरे भाई नरेश के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई करते हुए नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। पुलिस को दिए बयान में नरेश ने बताया कि सुरेश उसका चचेरा भाई था। वो मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे वो घर से घूमने का नाम लेकर निकला था। करीब छह बजे वो बधवाना नहर में गिर गया। उसे गिरते हुए खेत में काम कर रहे किसानों ने देख लिया। इसके तुरंत बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और सिंचाई विभाग को सूचित कर माइनर में पानी बंद करवा दिया। इसके बाद गोताखोरों को मौके पर बुलाया गया और उनकी मदद से दो घंटे बाद सुरेश का शव नहर से बाहर निकाला जा सका। सुरेश का शव करीब 100 मीटर की दूरी पर बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल लाकर पोस्टमार्टम कराया। नहर में डूबने से ढाणी फोगाट निवासी सुरेश की मौत हुई है। पुलिस ने इस संबंध में मृतक के चचेरे भाई के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। दादरी नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। -विनोद कुमार, जांच अधिकारी एवं एएसआई, दादरी सदर थाना।