शहर स्थित कोर्ट कॉम्पलेक्स परिसर स्थित बाबा पीर मंदिर में रविवार को हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य भंडारे का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और “बाबा की इच्छा तक” लगातार प्रसाद वितरण चलता रहा। बाबा पीर सेवा दल के प्रधान फूल चंद सोनी ने बताया कि आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भोजन वितरण, बैठने, जल सेवा, सुरक्षा और सफाई की पुख्ता व्यवस्था की गई, जिससे किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं हुई। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा पीर के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। सेवा दल के पदाधिकारियों व स्वयंसेवकों ने तन-मन-धन से सेवा कर आयोजन को सफल बनाया। समापन पर सेवा दल ने श्रद्धालुओं व सहयोगकर्ताओं का आभार जताया।