जिले में अपराध नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को एसपी कार्यालय में क्राइम एवं वेलफेयर मीटिंग का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसपी अर्श वर्मा ने की। इसमें डीएसपी धीरज कुमार, डीएसपी रमेश कुमार, डीएसपी सुभाषचंद्र सहित सभी थाना प्रभारी, पुलिस चौकी प्रभारी, सुरक्षा शाखा प्रभारी, पुलिस प्रवाचक, पुलिस प्रवक्ता और अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं, जिले में दर्ज लंबित मामलों और पेंडिंग केस फाइलों की गहन समीक्षा की गई। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को मामलों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपराध नियंत्रण के लिए संवेदनशील स्थानों पर सतत निगरानी, नियमित गश्त और सघन वाहन जांच अभियान चलाने पर जोर दिया। एसपी अर्श वर्मा ने एनडीपीएस मामलों में सख्ती बरतने, नशा तस्करी पर प्रभावी कार्रवाई, खुफिया तंत्र को मजबूत करने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान निरंतर चलाने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध शराब, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा और नशा तस्करी में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए गए।