चरखी-दादरी में एनएच 152डी पर गांव रानीला के पास बाइक का संतुलन बिगड़ने से सड़क हादसा हो गया। इसमें चालक की मौत हो गई जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान बाघोत निवासी 22 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। अब बौंदकलां थाना पुलिस ने घायल के बयान पर इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक रवि सोमवार रात को अपने घर बाघोत से बाइक पर सवार होकर बुआ के पास के जा रहा था। इस दौरान उसके साथ परिचित सज्जन सिंह भी था। रवि बाघोत से भिवानी गांव निंगाणा जाने के लिए सोमवार रात साढे़ 9 बजे घर से चला था। इसी बीच जब वह रानीला के पास पहुंचा तो बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक एनएच 152डी पर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें रवि की मौत हो गई जबकि सज्जन अस्पताल में उपचाराधीन है।