दादरी के कीकरवासनी क्षेत्र स्थित संकट मोचन बड़ा श्री हनुमान मंदिर परिसर में श्रीश्री 1008 ब्रह्मलीन रामस्वरूप ब्रह्मचारी की पुण्य तिथि के अवसर पर सात दिनों से चला आ रहा कार्यक्रम वीरवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक भाव से सम्पन्न हुआ। इस दौरान प्रातः पूजन व संतों ने प्रवचन दिए। हवन में आहुति डाली गई। श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान संतों ने ब्रह्मलीन रामस्वरूप ब्रह्मचारी के तप, त्याग और समाज सेवा पर आधारित प्रकाश डाला। संतों ने कहा कि ब्रह्मचारी ने अपने जीवनकाल में सदैव धर्म, सेवा और संस्कारों के प्रसार को ही अपना लक्ष्य बनाया। उनके विचार आज के समय में भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। संतों ने भक्तों को जीवन में सत्य, संयम, और सदाचार अपनाने का संदेश दिया। प्रवचनों के उपरांत वेद मंत्र और पूर्ण वैदिक रीति से हवन कराया गया और लोक कल्याण एवं विश्व शांति की कामना की गई। मंदिर प्रबंधन समिति सदस्याें ने उनके तपोमय जीवन पर आधारित स्मृति संदेश पढ़ा। इस अवसर पर आयोजित भंडारे में सैंकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।