हरियाणा में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार ने एक साथ 26,161 ट्रांसफार्मर खरीदने को मंजूरी दी है। इसके साथ ही बिजली लाइनों पर काम करने वाले लाइनमैन और सहायक लाइनमैन की सुरक्षा के लिए पहली बार विशेष सुरक्षा किट भी खरीदी जाएंगी। सोमवार को हरियाणा निवास में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई पावर्ड परचेज कमेटी (एचपीपीसी) की बैठक में ये फैसले लिए गए। बैठक में 5,000 से बढ़ाकर 7,500 तक टी एंड पी किट खरीदने की मंजूरी दी गई। प्रत्येक किट में 14 तरह के सुरक्षा उपकरण होंगे। सरकार का कहना है कि बिजली कर्मचारियों को काम के दौरान सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बैठक में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के लिए 400 केवीए क्षमता के 100 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर खरीदने को मंजूरी दी गई। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम (एचवीपीएनएल) के लिए 40/50 एमवीए के 28 और 25/33.5 एमवीए के 33 पावर ट्रांसफार्मर खरीदे जाएंगे। वहीं, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएनएल) के लिए 100 केवीए क्षमता के 26,000 डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर खरीदे जाएंगे। सरकार का मकसद जरूरत वाले क्षेत्रों में पर्याप्त ट्रांसफार्मर उपलब्ध रखना और आपात स्थिति के लिए बैकअप तैयार रखना है। 81 करोड़ से बिजलीघरों में बनेंगे जीआईएस-बे बैठक में विभिन्न बिजलीघरों में 81 करोड़ रुपये की लागत से जीआईएस-बे बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने खरीद और निर्माण कार्यों के लिए संबंधित कंपनियों से बातचीत कर निर्धारित दरों से कम पर सहमति बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेशवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति देना है। इसके लिए बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ कर्मचारियों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जा रही है। बैठक में शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, राजस्व मंत्री विपुल गोयल, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।