रोडवेज चालक यशपाल व परिचालक सुरेंद्र से रोहतक बस स्टैंड पर हुई मारपीट मामले में बुधवार को रोडवेज कर्मियों ने चक्का जाम कर दिया। रोडवेज कर्मियों को पुलिस की ओर से अदालत में पेश करने का भी विरोध किया गया। रोहतक बस स्टैंड पर बुधवार को कर्मचारियों ने बस स्टैंड के दोनों गेट बंद कर रोडवेज का चक्का जाम कर दिया। इस कारण 50 से अधिक बसों के पहिए थम गए। इस कारण बस स्टैंड के बाहर यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई। वहीं, यात्रियों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ी।प्रदर्शनकारी रोडवेज कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस कर्मचारी की गाड़ी की मंगलवार को रोडवेज बस के साथ टक्कर हुई थी। इसी बात पर विवाद उभरा। इस मामले में पुलिस कर्मचारियों ने रोडवेज चालक-परिचालक से मारपीट की व बाद में एफआईआर भी दर्ज कर दी गई।