बलदेव नगर थाने को कार में रखे तीन गैस सिलिंडर से दहलाने के प्रयास मामले में अंबाला पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों ने फिरोजपुर से दो सगे भाईयों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान आकाश व सौरभ के रूप में हुए है। वीरवार कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपियों को सात दिन के रिमांड पर लिया गया है। प्राथमिक जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। दोनों भाई मुख्य साजिशकर्ता नहीं थे बल्कि उन्हें भी सिग्नल एप के जरिये आकाओं का निर्देश मिला था। पंजाब के मुक्तसर से आरोपियों ने 60 हजार रुपये में मारुति कार खरीदी थी। सिग्नल एप के जरिये ही मिले संदेश के बाद ड्राइवर पटियाला निवासी कर्मजीत से संपर्क किया था। ऐसे में अब मामले के तार सरहद पार की तरफ जुड़ते नजर आ रहे हैं व पुलिस आतंकी हमले के एंगल से मामले की जांच कर रही है। इस मामले में पुलिस पहले कार खड़ी करने वाले कर्मजीत को काबू कर चुकी है।