हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बिहार चुनाव को लेकर तेजस्वी यादव और राहुल गांधी पर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के नेता खुद को ‘नायक’ बताते हैं, लेकिन उनके शासन में सिर्फ भ्रष्टाचार और जंगलराज देखने को मिला था। सीएम सैनी ने आरोप लगाया कि तेजस्वी और राहुल के घोषणापत्रों में सिर्फ विशेष वर्गों की बात होती है, जबकि भाजपा और एनडीए सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर काम करते हैं। उन्होंने कहा, ये लोग आते हैं तो सिर्फ भ्रष्टाचार की बात करते हैं, जनता के विकास की नहीं। सैनी ने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बिहार को मजबूत और सुरक्षित बनाया है। महागठबंधन के समय बिहार का बजट मात्र 23,500 करोड़ रुपये था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 11 वर्षों में राज्य को 14 लाख करोड़ रुपये की सहायता भेजी है।