भिवानी में शहरी दायरे की कॉलोनियों में जल संकट गहरा है। इसी के चलते वीरवार को वॉर्ड 17 की महिलाओं ने लघु सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया और उसके बाद पार्षद सुभाष तंवर व संदीप यादव की अगुवाई में अतिरिक्त उपायुक्त के समाधान शिविर में पहुंची। महिलाओं ने अधिकारी के समक्ष पिपलीवाली जोहड़ी इलाके की पानी की समस्या बताई। महिलाओं ने बताया कि विगत में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग क्षेत्र में पानी टैंकर भेजता था, लेकिन बीते दो साल से यह सुविधा नहीं दी जा रही है। क्षेत्र में पीने के पानी की पाइप लाइन ही नहीं बिछी है। केवल टैंकरों का ही उनको सहारा था। अब वह भी छीना हुआ है। इस दौरान पार्षद सुभाष तंवर ने चेतावनी दी कि अगर उनके इलाके में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था (पानी की टैंकर से सप्लाई) नहीं की गई तो वे अपने पद से इस्तीफा देने पर मजबूर होंगे।