पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत किया गया 2026-27 का केंद्रीय बजट किसान हितैषी तथा हर वर्ग की भलाई को ध्यान में रखकर बनाया गया संतुलित बजट है। यह बजट किसान हित सहित कृषि, युवा, महिला और गरीब वर्ग के उत्थान में परिवर्तनकारी सिद्घ होगा। इसमें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित करने का विजन है। पूर्व कृषि मंत्री दलाल शुक्रवार को बीजेपी कार्यालय में आयोजित केंद्रीय बजट को लेकर बीजेपी जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, संदीप श्योराण सहित पार्टी पदाधिकारी के साथ किसान सम्मलेन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों के भविष्य, युवाओं के अवसरों और भारत के ग्रामीण अंचल की आत्मनिर्भरता का स्पष्ट रोडमैप भी है। उन्होंने कहा बजट में किए गए प्रावधानों से हर क्षेत्र में उन्नति के द्वार खुलेंगे। दलाल ने कहा कि केंद्र व हरियाणा प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद देश व प्रदेश में नए-नए नेशनल हाई-वे, हवाई अड्डों व जल मार्गों का विस्तार हुआ है, जिससे कनेक्टीविटी बढ़ी है, जो व्यापार और उद्योग जगत का आधार है।