जिले के लोहारू कस्बे में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) लोहारू इकाई द्वारा लक्ष्मीनारायण भवन, पंचायती मंदिर, लोहारू में आयोजित प्रमुख नागरिक गोष्ठी सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस गोष्ठी में नगर व आसपास के क्षेत्रों से आए सैकड़ों प्रमुख नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक परिवर्तन तथा संघ की ऐतिहासिक यात्रा पर विस्तार से चर्चा की गई। गोष्ठी के मुख्य वक्ता हरियाणा प्रांत सह प्रचार प्रमुख लक्ष्मीनारायण तथा सह विभाग संघ संचालक रामअवतार लाम्बा रहे। कार्यक्रम को तीन सत्रों में विभाजित किया गया। पहले सत्र में संघ के 100 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा, दूसरे सत्र में पंच परिवर्तन की अवधारणा तथा तीसरे सत्र में प्रश्नोत्तरी व अनुभव साझा करने का आयोजन किया गया।