एसआईआर के तहत क्षेत्र की मैपिंग व घरों की नंबरिंग का कार्य लगभग पूरा हो गया, लेकिन शहर की बाहरी कॉलोनी (उत्तम नगर) के बूथ संख्या 137 की अभी तक मैपिंग का कार्य शुरू ही नहीं हुआ। अगर मैपिंग नहीं हुई तो उक्त इलाके के लोगों के वोट कटने तय है। अगर एक बार वोट कट गए तो उनको सरकार से मिलने वाली सुविधाओं पर विराम लग जाएगा। इन्हीं मांगों को लेकर मंगलवार को उत्तम नगर इलाके में पार्षद सुभाष तंवर की अगुवाई में महिलाओं ने प्रदर्शन किया। महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। महिलाओं ने चेतावनी दी कि अगर उनकी इस समस्या का समाधान नहीं किया तो वे सडकों पर उतरने को मजबूर होंगी। पार्षद सुभाष तंवर ने बताया कि उक्त इलाके में करीब साढ़े 12 सौ के आसपास मतदाता है,जिनके सभी के वोट है। प्रशासन द्वारा इस इलाके को बूथ 137 में शामिल किया गया है। एसआईआर के तहत इस इलाके की सबसे पहले मैपिंग आदि करवानी थी, मकानों की नम्बरिंग आदि का कार्य भी इसी में शामिल है। हैरानी की बात यह है कि अभी तक इस बूथ की मैपिंग नहीं हुई है। जिस भी बीएलओ की डयूटी लगाई जाती है। वह कोई न कोई बहाना बनाकर उसको कटवा कर दूसरी जगह चला जाता है। इस बारे में वे कानूनगो रामफल से भी मिले थे,लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि अगर इस इलाके व बूथ की मैपिंग नहीं हुई तो इन सभी के वोट कट जाएंगे। उसके बाद इन लोगों को सरकारी सुविधाओं से महरूम होना पड़ेगा। वहीं प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि वे इसके लिए उपायुक्त कार्यालय पर जाकर भी प्रदर्शन करेंगी। उसके बाद भी उनकी इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगी। महिलाओं ने बताया कि अगर एक बार वोट कट गया तो जो विधवा पेंशन ले रही है। उसकी पेंशन कट जाएगी। अन्य लाभों से भी हाथ धोना पड़ेगा।