स्थानीय भीम स्टेडियम में लड़कों की दो दिवसीय अंडर-11 व 14 की जिला स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी निर्मला दहिया, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुभाष चंद्र भारद्वाज व उप जिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार तंवर ने बतौर मुख्य अतिथि पहुंचकर किया। प्रतियोगिता में कुल 31 खेल इवेंट करवाए जा रहे हैं। इनमें तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, साइकिलिंग, स्केटिंग, फुटबॉल, जिम्नास्टिक, हैंडबॉल, हॉकी, जूडो, स्विमिंग, शूटिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, शतरंज, क्रिकेट, कबड्डी, कराटे, खो-खो, नेटबॉल, योगा सहित विभिन्न खेल शामिल हैं। प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी देते हुए शारीरिक शिक्षक विनोद पिंकू ने बताया कि अंडर-14 आयु वर्ग की खो-खो में सिवानी ने लोहारू को 8-0 से, भिवानी ने बहल को 4-1 से, बवानीखेड़ा ने कैरु को 2-1 से हराकर अगले चरण में प्रवेश किया। वहीं, फाइनल मुकाबला भिवानी व तोशाम के मध्य खेला जाएगा। उन्होंने बताया कि सॉफ्टबॉल व बेसबॉल में ब्लॉक भिवानी के खिलाड़ियों का चयन किया गया। पिंकू ने बताया कि अंडर-11 आयु वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता में 20 किलोग्राम भार वर्ग में शौर्य, 22 किलोग्राम में अविश, 24 किलोग्राम में हर्ष वीजेता रहे।