लोहारू के डाकघर से एक गरीब खाताधारक की जीवनभर की मेहनत की कमाई गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि उसके डाकघर खाते से करीब पांच लाख रुपये से अधिक की राशि निकाल ली गई, जबकि उसने स्वयं इतनी बड़ी रकम कभी नहीं निकाली। प्राप्त जानकारी के अनुसार लोहारू निवासी कर्ण सिंह, जो मिट्टी के बर्तन और दीपक बनाकर बेचने का काम करता है, ने वर्षों की मेहनत से एक-एक रुपया जोड़कर डाकघर में अपनी बचत जमा करवाई थी। कर्ण सिंह का कहना है कि उसने अपने परिवार के भविष्य और कठिन समय के सहारे के रूप में यह पैसा पोस्ट ऑफिस के खाते में रखा था। बताया जा रहा है कि सितंबर 2025 के दौरान उसके खाते से करीब 5 लाख 5 हजार रुपये की राशि कई बार में नकद निकासी के रूप में दर्ज हो गई। जब कर्ण सिंह को इस बारे में जानकारी मिली और उसने खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो बार-बार नकद निकासी देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। पीड़ित का कहना है कि उसने इतनी बड़ी रकम कभी नहीं निकाली और उसे इस निकासी के बारे में कोई जानकारी भी नहीं दी गई। कर्ण सिंह और उसके परिवार का आरोप है कि यह रकम डाकघर के कर्मचारियों द्वारा ही निकाली गई है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर कई बार लोहारू डाकघर, भिवानी डाक विभाग, लोहारू थाना तथा भिवानी के पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई।