भिवानी शहर में स्थित नई अनाज मंडी में बाजरे का उठान अंतिम चरण में है। इसी के साथ मंडी में धान की आवक शुरू हो चुकी है। मंडी में लगातार बाजरे को बोरियों में पैक कर गोदामों में रखा जा रहा है। मंडी में मशीन के साथ हवा लगाकर धान की सफाई कर रहे मजदूरों ने बताया कि अभी धान आना शुरू हुआ है। जिसकी वजह से उसमें नमी है, उसको हवा लगाकर साफ किया जा रहा है। इसके साथ ही मंडी में बने शैडों पर पक्षी आने शुरू हो गए हैं। मंडी में पड़े अनाज के दाने चुगते पक्षियों को देखकर ये बात तो सिद्ध होती है कि एक किसान की फसल में जीव-जंतु, पशु, पक्षियों का हक होता है। मंडी में खरीददारों ने बताया कि जिले में धान की खेती बहुत कम लोग करते हैं। लेकिन फिर भी जिले के 65 गांवों में धान की फसल उगाई जाती है। अब धान की फसल निकलना शुरू होने के कारण मंडियों में पहुंच रही है।