भिवानी में अखिल भारतीय किसान सभा जिला कमेटी ने नई अनाज मंडी में किसानों को डीएपी खाद के लिए किसानों को साथ लेकर सरकार व प्रशासन के विरोध में प्रदर्शन किया। सभा ने कृषि विभाग के अधिकारी को मौके पर बुलाकर उपस्थित किसानों को खाद दिलवाने का अनुरोध किया। किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल, उप प्रधान कामरेड ओमप्रकाश ने कहा कि जिला उपायुक्त व डिप्टी डायरेक्टर कृषि विभाग ने मीडिया के माध्यम से घोषणा की है कि डीएपी खाद की कमी नहीं है। परंतु किसान खाद लेने के लिए रात भर भी सरकारी खरीद केंद्र के सामने बैठने पर मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कृषि विभाग व जिला प्रशासन खाद की कालाबाजारी रोकने में बिल्कुल नाकामयाब है, कुछ निहित स्वार्थी तत्व खाद की कालाबाजारी करके ब्लैक में बेचते हैं और उसके साथ अन्य सामान बेचते हैं। प्रदर्शन में कई गांव के किसान शामिल हुए। डीडीए के निर्देश पर कृषि अधिकारी डाॅ. वीरेंद्र भाकर किसानों को साथ लेकर प्राइवेट दुकानों पर गए। वहां जाकर डीएपी खाद देने के लिए कहा, परंतु वहां पर किसानों को खाद की जगह सिर्फ निराशा मिली। किसान सभा के नेताओं ने प्रशासन व राज्य सरकार को आगाह कराया कि किसानों को डीएपी खाद व बीज उपलब्ध कराए अन्यथा उन्हें विरोध झेलना पड़ेगा। प्रदर्शन में विक्रम मनहेरु, शीला नांगल, रमेश केहरपुरा, मास्टर शेर सिंह, सुमेर, दलबीर नवा, नरेंद्र धनाना शामिल हैं।