इंग्लैंड के लिवरपूल में आयोजित विश्व बॉक्सिंग चैंपियनशिप के 57 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज जैस्मिन लंबोरिया का बुधवार को घर पहुंचने पर स्वागत किया गया। जैस्मिन लंबोरिया के स्वर्ण पदक जीतने पर परिवार, रिश्तेदार व शहर में खुशी का माहौल है। जैस्मिन ने कहा कि अब वर्ष 2026 के एशियन खेलों व कॉमनवेल्थ की तैयारियों को लेकर जुट जाएंगी। चैंपियनशिप के बारे में जैस्मिन ने बताया कि ओलंपियन मेडलिस्ट के साथ उनका मुकाबला रहा। उन्हें कुल पांच फाईट स्वर्ण पदक जीतने तक पहुंचने के लिए लड़नी पड़ी। जैस्मिन की जीत पर उनके पिता जयबीर, मां जोगेंद्र कौर व चाचा महाबीर ने बताया कि जैस्मिन ने 10वीं कक्षा से ही मुक्केबाजी को अपना लिया था। क्योंकि उनके परिवार में खेल का माहौल था तथा उनके चाचा मुक्केबाजी करते थे। 2016 में जब वे 11 वीं कक्षा में हुई तो उन्होंने मुक्केबाजी को अपना पूरा समय देना शुरू कर दिया। जिसके चलते वे इस मुकाम तक पहुंच पाई।