भिवानी रेलवे स्टेशन से लेकर घंटाघर सराय चौपटा तक करीब साढ़े पांच करोड़ के बजट से नगर परिषद माल रोड का निर्माण करा रहा है। इसी के चलते मंगलवार को रेलवे स्टेशन मार्ग पर दुकानदारों के अतिक्रमण पर पीला पंजा चला। नगर परिषद के जेई की अगुवाई में नगर परिषद के दस्ते ने अतिक्रमण हटाने से पहले दुकानदारों को चेतावनी दी, मगर उसका कोई असर नहीं हुआ। जिसके बाद जेसीबी की मदद से दुकानों के सामने से अतिक्रमण हटाया गया और बाहर लगे बोर्ड भी हटाए गए। कई ढाबा संचालकों के कांउटर भी तोड़े गए। इस दौरान दुकानदारों ने अपना विरोध दर्ज कराया।