भाजपा के राज में किसान बर्बाद हो गया है। किसानों को समय पर न तो फसल का भुगतान मिला और अब डीएसपी खाद के लिए दर दर की ठोकरें खाने पर मजबूर हैं। हरियाणा का हर वर्ग भाजपा सरकार से परेशान हैं, लेकिन भाजपाई देश प्रदेश में जश्न मना रहे हैं। यह बात जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने बुधवार को भिवानी के देवीलाल सदन में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। जजपा युवा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा की प्रदेश में डीएपी खाद का भारी टोटा है बहुत से जिलों में तो किसानों को खाद का एक दाना तक नहीं दिया जा रहा। उन्होंने प्रदेश के आंकड़े बताते हुए कहा की दादरी में पुलिस पहरे में खाद बंट रही हैं। दिग्विजय ने कहा कि सरकार के दावों की पोल खोलते हुए बताया की भिवानी जिले में 24000 मीट्रिक टन की मांग होने के बावजूद केवल 2600 एमपी डीएपी पहुंची है। हांसी में 12000 मीट्रिक टन की मांग के मुकाबले 1480 तथा झज्जर में 11000 मीट्रिक टन की मांग के मुकाबले सिर्फ 3000 मीट्रिक टन ही खाद उपलब्ध हो पाई है। इसी तरह कुरूक्षेत्र में 10000 मीट्रिक टन की जरूरत है, लेकिन अभी तक एक भी कट्टा खाद उपलब्ध नहीं करवा पाई है सरकार। यमुनानगर में कहीं भी खाद उपलब्ध नहीं है। कुछ ऐसी ही स्थिति सिरसा, हिसार,जींद में है। जजपा नेता ने महिला आयोग की अध्यक्ष के बयान का कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि यह बात समझ से परे है की स्वयं एक महिला होने के बाद भी नर्सिंग आफिसर के खिलाफ छोटी सोच की टिप्पणी कर सकती है। उन्होंने कहा की इस बयान की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है और भाजपा सरकार की चेयरपर्सन का बयान यह साबित करता है कि भाजपा सरकार महिलाओं के प्रति कैसी सोच रखती है।