संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी सीआईए स्टाफ-2 भिवानी की टीम ने एक बुजुर्ग व्यक्ति की आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देने और ₹5 लाख की रंगदारी वसूलने के मामले में मुख्य आरोपी सहित दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया मुख्य आरोपी हरियाणा पुलिस का जवान है, जो वर्तमान में गुरुग्राम में तैनात है। पुलिस के अनुसार, पुराना बस स्टैंड स्थित क्राउन प्लाजा में कार्यालय चलाने वाले एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। 9 जुलाई को नौकरी का झांसा देकर एक युवती उनके दफ्तर आई और शौचालय इस्तेमाल करने के बहाने अंदर चली गई। इसी बीच उसके साथी ने आकर वीडियो बनाना शुरू कर दिया और युवती नग्न अवस्था में बाहर निकल आई। आरोपियों ने वीडियो ब्लैकमेल कर तुरंत ₹4,47,000 ऐंठ लिए। इसके बाद भी जब ₹2 लाख और मांगे गए, तब पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। एसपी सुमित कुमार के निर्देश पर उप-निरीक्षक दशरथ व एएसआई सुभाष की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी नरेंद्र (निवासी देवसर), ममता (निवासी उत्तम नगर) और पुष्पी (निवासी नया बाजार) को धर दबोचा। पूछताछ में सामने आया कि ममता और नरेंद्र ने साजिश रचकर पुष्पी को बुजुर्ग के पास भेजा था। पुलिस ने पुष्पी से ₹6,000 और ममता से ₹5,000 बरामद किए हैं। वहीं मुख्य आरोपी सिपाही नरेंद्र को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया, जिसकी निशानदेही पर ₹4,47,000 की वसूली राशि बरामद कर ली गई है। एसपी ने नागरिकों से अपील की है कि वे ऐसे किसी भी ब्लैकमेलिंग गिरोह के दबाव में न आएं और तुरंत पुलिस को सूचना दें।