सीएम उड़नदस्ता टीम ने मंगलवार को शहर में मिठाइयों की दुकानों पर छापेमारी की। टीम ने दुकानों पर जांच की और सैंपल लिए। दिवाली पर्व को देखते हुए सीएम फ्लाइंग व खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा यह छापेमारी की जा रही है ताकि किसी प्रकार की मिलावटी मिठाइयां बाजार में न जाएं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. पुनीत शर्मा ने कहा कि भिवानी व दादरी में दोनों जगह रेड की गई है। दादरी जिले की 4 दुकानों पर छापेमारी करते हुए 8 सैंपल भरे। वहीं, भिवानी की 3 दुकानों पर रेड करके 5 सैंपल लिए हैं। उन्होंने बताया कि डेयरी उत्पादों के सैंपल लिए गए हैं। इसमें घी, पनीर, रसगुल्ला, गुलाबजामुन जैसी दूध से बनी मिठाइयों के सैंपल लिए हैं। इस दौरान एक दुकानदार के पास लाइसेंस भी नहीं मिला। दुकानदार को नोटिस दे दिया है। केस को एडीसी कोर्ट के अंदर लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भिवानी की 3 दुकानों पर रेड की, जिनमें से 2 दुकानों पर लाइसेंस मिले और एक पर लाइसेंस नहीं था। जिसे नोटिस दे दिया है। उसका केस एडीसी कोर्ट के अंदर लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 14 दिन में रिपोर्ट आएगी। पिछले दस दिन में 20 सैंपल ले लिए हैं। इस दौरान सीएम फ्लाइंग रोहतक से एसआई राजबीर मौजूद रहे।