प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत विश्व भर में मजबूत अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। वैश्विक तौर पर भारत की स्थिति आज ऐसी है कि भारत को दुनिया की कोई ताकत झुका नहीं सकती। यह बात भाजपा जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने शहीदों के सम्मान में सोमवार को भिवानी में निकाली गई तिरंगा यात्रा में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कही। पूर्व मंत्री एवं भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ के नेतृत्व में सोमवार को निकाली गई तिरंगा यात्रा की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष विरेंद्र कौशिक ने की। तिरंगा यात्रा नेहरू पार्क स्थित शहीद स्मारक से शहीदों को नमन करने से शुरू होकर देशभक्ति के गीतों से ओत-प्रोत गीत गाते हुए विभिन्न मुख्य चौराहों व बाजारों से होती हुई लोहड़ बाजार में संपन्न हुई। इसमें ना केवल भाजपा कार्यकर्ता, बल्कि जनप्रतिनिधियों, आम नागरिकों व विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया तथा हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रीय एकता व अखंड़ता का परिचय दिया।