भिवानी के शांति नगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान के बाहरी हिस्से में ऊंचाई पर टाइल लगाते समय नीचे गिरने से टाइल मिस्त्री की मौत हो गई। हादसा बुधवार शाम करीब पांच बजे हुआ। जब मिस्त्री काफी ऊंचाई पर पेड पर काम कर रहा था कि अचानक पेड पलट गई और वह नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे जिला नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद मृत घोषित कर दिया। औद्योगिक पुलिस थाना ने शव का वीरवार सुबह जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। वहीं जिला नागरिक अस्पताल में प्रवासी मजदूर भी एकत्रित हो गए और घटना को लेकर रोष जताया। बिहार के समस्तीपुर निवासी 27 वर्षीय अमरजीत पिछले 15 सालों से चिरंजीव कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहा था। उसके चार बच्चे एक लड़का और तीन लड़की है। शांति नगर में एक निर्माणाधीन मकान में टाइल लगाने का काम कर रहा था कि बुधवार शाम करीब पांच बजे अचानक ही पेड पलट गई और वह काफी ऊंचाई से नीचे गिर गया। बेसुध हालत में उसे जिला नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। औद्योगिक पुलिस थाना के जांच अधिकारी कुलदीप ने बताया कि मृतक के भाई के बयान दर्ज कर वीरवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया गया वहीं इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। अस्पताल परिसर में पोस्टमार्टम के दौरान प्रवासी मजदूर एकत्रित हुए और इस घटना को लेकर रोष जताया।