शहर के चौधरी बंसीलाल जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। इस कड़ी में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रघुवीर सिंह शांडिल्य ने मंगलवार को अस्पताल परिसर में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत बनाए जा रहे महिला क्लीनिक का निरीक्षण किया। डॉ. शांडिल्य ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा के तहत “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार” अभियान के अंतर्गत महिला क्लीनिक बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्लीनिक का 90 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा हो चुका है और अगले एक से दो दिनों में इसका उद्घाटन कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को एक ही छत के नीचे सभी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें अलग-अलग विभागों में भटकना न पड़े। महिला क्लीनिक में डेंटल, मनोरोग विशेषज्ञ, महिला रोग विशेषज्ञ सहित विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञ एक ही स्थान पर बैठकर महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएं देंगे। इससे महिलाओं को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। ------------------------------------- वाटर कूलरों का भी किया निरीक्षण गर्मी के मौसम को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रघुवीर सिंह शांडिल्य ने अस्पताल में लगे वाटर कूलरों की जांच की। सीएमओ ने बताया कि अस्पताल में कुल 18 वाटर कूलर लगे हुए हैं, जिनकी कार्यप्रणाली और फिल्टर सिस्टम की जांच की गई। जांच के दौरान 3 वाटर कूलरों में कमियां पाई गई। उन्होंने बताया कि सभी वाटर कूलरों के पानी के सैंपल भी लिए गए, जो मानकों के अनुसार सही पाए गए हैं। खराब वाटर कूलरों को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा गर्मी से राहत देने के लिए अस्पताल के वार्डों में 36 से अधिक कूलरों की व्यवस्था भी की गई है। निगरानी कमेटी गठित सीएमओ डॉ. रघुवीर सिंह शांडिल्य ने बताया कि अस्पताल में निरीक्षण और मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों की एक विशेष टीम का गठन किया गया है। यह टीम अस्पताल में आने वाले मरीजों की समस्याओं पर लगातार नजर रखेगी और उनका समाधान सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि पानी की समस्या हो, डॉक्टर के ड्यूटी पर अनुपस्थित रहने का मामला हो या फिर किसी अन्य सुविधा से जुड़ी शिकायत, टीम हर मुद्दे पर कार्रवाई करेगी।