भीम स्टेडियम में 58वीं राज्य स्तरीय स्कूली एथलेटिक्स प्रतियोगिता का बुधवार को आगाज हुआ। इस दौरान पांच हजार मीटर दौड़ के विजेता खिलाड़ी रजत ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने शिरकत की। वहीं, विशिष्ट अतिथि के तौर पर विधायक घनश्याम सर्राफ और उपायुक्त साहिल गुप्ता मौजूद रहे। सांसद ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित व ध्वजारोहण कर खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। सभी जिलों से पहुंची टीमों ने मार्च पास्ट किया। इस मौके पर सांसद ने कहा कि जीवन का पहला सुख निरोगी काया है। स्वस्थ तन में ही स्वस्थ मन का वास होता है। शिक्षा और खेल जीवन में बहुत जरूरी है। खेलों से हम स्वस्थ रह सकते हैं। सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए कारगर नीति लागू कर रही है। परिणाम स्वरूप हरियाणा प्रदेश व भारत देश के खिलाड़ी ओलंपिक जैसी विश्व स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में देश व प्रदेश का नाम विश्व में रोशन कर रहे हैं। उन्होंने युवा-खिलाड़ियों से खान-पान पर विशेष ध्यान रखने का आह्नान किया और कहा कि वे अपने माता-पिता को खेतों में यूरिया या डीएपी की बजाय गोबर की खाद का प्रयोग कर प्राकृतिक खेती अपनाएं।