मूलभूत सुविधाओं के अभाव और टांगरी नदी की बाढ़ से त्रस्त वार्ड-14 के निवासियों का धैर्य रविवार को जवाब दे गया। पार्षद हरमिंदर हीरा के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने नगर परिषद के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्य बाजारों में रोष रैली निकाली। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हर साल टांगरी नदी का पानी उनके घरों में तबाही मचाता है, लेकिन प्रशासन स्थाई बांध बनाने के नाम पर केवल झूठे आश्वासन दे रहा है। पार्षद हीरा ने कहा कि हाउस की बैठकों में बार-बार मुद्दा उठाने के बावजूद वार्ड की सड़कों और नालियों की हालत जर्जर है। गुस्साए लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।