दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए कथित अत्याचार और दमनकारी नीतियों के विरोध में अंबाला शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भारी गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता शहर के प्रमुख पॉलिटेक्निक चौक पर एकत्रित हुए और केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार हल्ला बोला। इस दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाकर अपना कड़ा रोष व्यक्त किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे कांग्रेसी नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार तानाशाही पर उतर आई है और लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने वालों को बलपूर्वक कुचला जा रहा है। जंतर-मंतर की घटना को उन्होंने निंदनीय करार दिया। पॉलिटेक्निक चौक पर जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद सभी कांग्रेस कार्यकर्ता उपायुक्त कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने डीसी को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से घटना की कड़ी निंदा करते हुए मामले में न्याय और सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। इस दौरान कांग्रेस शहर के जिलाध्यक्ष पवन अग्रवाल, पूर्व सदस्य मिथुन वर्मा आदि उपस्थित रहे।