हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने साहा औद्योगिक विकास केंद्र में तुरंत दमकल गाड़ी तैनात करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हरियाणा राज्य औद्योगिक और अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) के प्रबंध निदेशक को ये आदेश दिए। मंत्री ने दमकल गाड़ी के लिए पानी का बोरवेल भी तुरंत प्रभाव से कराने को कहा है। विज शनिवार को साहा औद्योगिक विकास केंद्र स्थित साइंस उपकरण बनाने वाली फैक्ट्री में लगी आग का जायजा लेने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्हें पता चला कि इस औद्योगिक क्षेत्र में कोई दमकल गाड़ी तैनात नहीं है। मंत्री विज ने एचएसआईआईडीसी के प्रबंध निदेशक से कहा कि यहां तुरंत कहीं से भी दमकल गाड़ी लाकर खड़ी की जाए ताकि आपात समय में तुरंत कार्रवाई हो सके। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दमकल के लिए पानी भरने के लिए बोरवेल की व्यवस्था भी की जाए। साहा औद्योगिक विकास केंद्र में लगभग 300 इकाइयां हैं। इन इकाइयों में बड़ी संख्या में श्रमिक काम करते हैं। शुक्रवार लगी आग में फैक्ट्री पूरी तरह जलकर राख हो गई थी। मंत्री ने कहा कि दमकल का इंतजाम यहां होना बहुत जरूरी है।