स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा द्वारा आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर लॉर्ड महावीर जैन पब्लिक स्कूल में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसी दौरान छावनी में संगठन काे लेकर दिया बयान चर्चा का विषय बन गया है। कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि अंबाला छावनी में संगठन को तोड़ने के लिए कुछ लोग शरारत कर रहे हैं। मगर पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं ने उत्तेजित न होते हुए इसका कोई जवाब नहीं देना है। हमने केवल पार्टी का काम करना है तथा अपना संतुलन बनाते हुए विरोधियों को कामयाब नहीं होने देना है। हमने इंतजार करना है क्योंकि समय सभी चीज का हिसाब करता है। हमने अपनी एकता को बनाए रखना है। विज का यह बयान तब आया है जब कुछ दिन पहले ही पूर्व मंत्री असीम गोयल भाजपा के कैंट में पूर्व जिला कोषाध्यक्ष आशीष तायल से मिलने उनके घर पहुंचे थे। चुनाव में मंत्री विज को हराने की साजिश के तायल पर आरोप लगे थे। जिसके बाद आशीष तायल को पार्टी छोड़नी पड़ी थी।