इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने कहा कि प्रदेश के लगभग 75 हजार बुजुर्गाें की पेंशन काटी गई है। नवंबर 2026 से सभी पात्र बुजुर्गों को 3200 प्रतिमाह बुढ़ापा पेंशन नहीं दी गई तो 20 फ़रवरी को पंचकूला में राज्य-स्तरीय विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। अगस्त सितंबर 2025 में खराब हुई फसलों का मुआवजा अब तक लंबित है। किसानों को डीएपी-यूरिया नहीं दिया जा रहा। पार्टी इन सभी मुद्दों को लेकर गांव-गांव और जिले-जिले में आंदोलन तेज करेगी। हिसार स्थित ताऊ देवी लाल सदन में बैठक मंगलवार को आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए अभय सिंह चौटाला ने कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल की ओर से बुजुर्गों के स्वाभिमान और सम्मान के लिए शुरू की गई बुढ़ापा पेंशन योजना को वर्तमान सरकार ने आय सीमा और जटिल नियमों के नाम पर कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा कि युवाओं में बढ़ता उत्साह प्रदेश में आने वाले राजनीतिक परिवर्तन का स्पष्ट संकेत है। पार्टी युवाओं को रोजगार दिलाने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए ठोस रणनीति के साथ आगे बढ़ रही है। पर्यावरण संरक्षण के नाम पर चल रहे भूमि विवाद पर चिंता जताते हुए अभय चौटाला ने कहा कि जिस प्रकार राजस्थान में सोलर प्रोजेक्ट्स के नाम पर किसानों की जमीनों को लेकर संकट पैदा हुआ है वैसी ही स्थिति हरियाणा में भी बनाई जा रही है।किसानों की उपजाऊ भूमि को कॉर्पोरेट घरानों को सौंपने के किसी भी प्रयास का पुरजोर विरोध करेगी।। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राम पाल माजरा, पूर्व मंत्री सम्पत सिंह, पूर्व मंत्री शेर सिंह बड़सामी, डबवाली विधायक आदित्य सिंह चौटाला, महिला प्रदेश अध्यक्ष सुनैना चौटाला, राष्ट्रीय संगठन सचिव उम्मेद सिंह लोहान, प्रकाश भारती, जसबीर सिंह ढिल्लों, सतबीर सिंह सिसाय, जिला प्रवक्ता विनोद कसवां एडवोकेट उपस्थित रहे।