दिल्ली से पंजाब की तरफ ट्रक में लाखों रुपये के नशे की खेप ले जा रहे दो नशा तस्कर को अंबाला सीआईए-1 की टीम ने काबू किया। टीम ने सूचना के आधार पर अंबाला-दिल्ली हाईवे स्थित मोहड़ा मंडी के पास नाकाबंदी कर ट्रक को काबू किया। कैंटर से टीम को दो क्विंटल डोडा चुरा पोस्त व पांच किलो अफीम बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहाली खरड़ निवासी जगतार व लखबीर के रूप में हुई है। सीआईए-1 की टीम के प्रभारी हरजिंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए नशे की कीमत करीब 25 लाख रुपये है। शनिवार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर सात दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपियों से पता लगाया जाएगा कि आखिर वह नशे की खेप कहां से लाए और किसे सप्लाई कर रहे थे। साथ ही आरोपियों का पूरा रिकॉर्ड भी खंगाला जाएगा। पकड़े गए आरोपी ट्रक मालिक व कंडक्टर है। वह बिहार से लाए गए माल की आड़ में नशे को छिपाकर नशा ले जा रहे थे।