नगर निगम की उपसभापति पद पर वार्ड नंबर 80 की पार्षद पूनम सिंह बृहस्पतिवार को निर्विरोध निर्वाचित हुईं। मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव के कक्ष में हुई कार्यकारिणी बैठक में पूनम सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके अलावा किसी अन्य पार्षद ने नामांकन नहीं किया। इसके बाद मेयर ने उन्हें निर्विरोध उपसभापति घोषित किया। चुनाव के बाद मेयर ने पूनम सिंह को निर्वाचन प्रमाण पत्र देकर फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष रमेश गुप्ता ने भी नवागत उपसभापति को शुभकामनाएं दीं। पार्टी पदाधिकारियों और पार्षदों ने भी उन्हें बधाई दी।