अमर उजाला ब्यूरो झांसी। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव के लिए तैयार की गई मतदाता सूची से भाजपा सांसद अनुराग शर्मा का नाम भी गायब है। बताया गया कि सांसद की ओर से मतदाता बनने के लिए निर्धारित फॉर्म भरा गया था, लेकिन इसके बावजूद उनका नाम सूची में शामिल नहीं हो सका। सांसद का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होने पर सपा के पूर्व सांसद चंद्रपाल सिंह यादव ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब सांसद का ही नाम मतदाता सूची से छूट गया तो समझा जा सकता है कि कितने अन्य लोगों के नाम भी छूट गए होंगे। उन्होंने मतदाता सूची को अपूर्ण बताया।