फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दूसरे चरण में सपा प्रत्याशी ने 150 मतों से बनाई बढ़त - अपडेट

दूसरे चरण में सपा प्रत्याशी ने 150 मतों से बनाई बढ़त - अपडेट पहले राउंड में भाजपा प्रत्याशी 984 मतों से थे आगे बीकेडी चौराहे पर बढ़ी गहमागहमी, सपा समर्थकों ने की नारेबाजी पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर दूसरी सड़क भी की बंद अमर उजाला ब्यूरो झांसी। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) के चुनाव की मतगणना में दूसरे राउंड के बाद मुकाबले की स्थिति बदल गई है। पहले राउंड में 984 मतों से आगे चल रहे भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर अब सपा प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव से 150 मतों से पीछे हो गए हैं। दूसरे राउंड में सपा प्रत्याशी को भाजपा के मुकाबले 1134 मत अधिक मिले। उधर, सपा प्रत्याशी के आगे होने की जानकारी मिलते ही मतगणना केंद्र के बाहर गहमागहमी बढ़ गई। बीकेडी चौराहे पर सपा समर्थकों ने नारेबाजी की। भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने चौराहे की दूसरी सड़क पर भी बैरिकेडिंग लगाकर आवागमन बंद कर दिया। बुंदेलखंड महाविद्यालय स्थित कोठारी हॉल में बने मतगणना केंद्र पर मंगलवार सुबह आठ बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई। मतगणना कार्मिक सुबह छह बजे ही केंद्र पर पहुंच गए थे। इसके बाद मतगणना एजेंटों की मौजूदगी में मतपेटिकाओं की सील खोली गई। मतपत्रों को निकालकर उनकी छंटाई और बंडल बनाने का काम शुरू हुआ। इस प्रक्रिया में काफी समय लगा। देर शाम तक मतपत्रों के बंडल बनाए जाते रहे। इसके बाद रात में मतों की गिनती शुरू हो सकी। रात करीब नौ बजे पहले राउंड में 6999 मतों की गणना पूरी हुई। इसमें भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार राठौर को 3291 और सपा प्रत्याशी डॉ. मान सिंह यादव को 2307 मत मिले। निर्दलीय प्रत्याशी शिवशंकर पटेल 486 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे। पहले राउंड में भाजपा प्रत्याशी ने सपा प्रत्याशी पर 984 मतों की बढ़त बनाई थी। दूसरे राउंड में भाजपा प्रत्याशी को 2225 और सपा प्रत्याशी को 3359 मत मिले। इस तरह दूसरे राउंड में सपा प्रत्याशी को 1134 मत अधिक मिले। पहले राउंड की बढ़त को पीछे छोड़ते हुए सपा प्रत्याशी अब कुल 150 मतों से आगे हो गए हैं। फिलहाल मतगणना जारी है। टेबल नंबर सात और 11 की टीम होगी सम्मानित मतपेटिकाओं को खोलने और मतपत्रों के बंडल बनाने का काम सबसे पहले टेबल नंबर सात और फिर टेबल नंबर 11 की टीम ने पूरा किया। अधिकारियों के अनुसार, इन टेबलों पर काम करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें