दिल्ली में द्वारका के बिंदापुर इलाके में एक युवक ने लालच में आकर दोस्त की मदद से दादा के कमरे में रखे लाखों के गहने पार कर दिया। चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए उसने अपने दोस्त 19 साल के आकाश यादव को घर की चाबी सौंप दी थी। चोरी करने के बाद आरोपियों ने चांदी के गहने को करोलबाग के एक ज्वेलर को बेचकर उससे लाखों रुपये ले लिए लेकिन पुलिस की जांच में सीसीटीवी कैमरे ने अहम भूमिका निभाई। फुटेज की मदद से पुलिस ने चोरी करने वाले आरोपी तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी 20 साल के हर्ष प्रसाद और ज्वेलर 54 साल के राजेश कुमार कटारिया को भी गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से पुलिस ने 2.433 किलोग्राम पिघली हुई चांदी की सिल्ली, 5.58 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने और पुराने दुर्लभ सिक्के बरामद किए हैं।