रोहिणी जिला पुलिस ने कंझावला इलाके में गैंगवार में गोगी और दिनेश कराला गैंग से जुड़े प्राॅपर्टी डीलर हरीश माथुर की हत्या में शामिल टिल्लू गैंग के दो शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार रात यूईआर-2 रोड, माजरी गांव के पास हुए मुठभेड़ में दोनों बदमाशों विक्की उर्फ राहुल रंगा और विशाल उर्फ साहिल उर्फ लीलू के पैर में गोली लगी। दोनों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनके कब्जे पुलिस ने दो पिस्टल, छह कारतूस, छह खोखा और बाइक बरामद की है। दोनों ने गैंग के सरगना दीपक पाकस्मा के इशारे पर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। विरोधी गैंग के अन्य सदस्यों की हत्या के लिए शूटरों ने रेकी कर ली थी।