दिल्ली में शनिवार को पूरे दिन बादलों ने आसमान में डेरा जमाए रखा। साथ ही, आवाजाही के बीच लोगों को धूप से कुछ राहत तो मिली लेकिन बढ़ी गर्मी और उमस ने लोगों को खूब परेशान किया। इसके चलते दिल्लीवासी खूब पसीना-पसीना हुए। हालांकि, कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। इस दौरान 0.01 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। साथ ही, पूसा में 23.5 और जनकपुरी में 9.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान 35.4 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री दर्ज हुआ। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 85 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 58 प्रतिशत रही। पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 1-2 और अधिकतम तापमान में लगभग तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में 5 से 10 जुलाई तक मौसम आमतौर पर बादलों से घिरा रहने का अनुमान है। इस दौरान रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 और 6 जुलाई को कई इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश भी देखने को मिल सकती है। इन दिनों के दौरान गरज-चमक के साथ बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की संभावना भी बनी रहेगी, जिनकी गति सामान्यतः 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, जबकि कुछ समय यह बढ़कर 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 10 जुलाई तक बारिश की संभावना: मौसम विभाग के अनुसार, 7 जुलाई को भी बादल छाए रहने के साथ सुबह और दोपहर के समय हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। इसके बाद 8 और 9 जुलाई को मौसम अपेक्षाकृत समान रहेगा, जहां रुक-रुक कर बहुत हल्की से हल्की बारिश और बिजली कड़कने की स्थिति बन सकती है। वहीं, 10 जुलाई को एक बार फिर हल्की बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। इस पूरे सप्ताह के दौरान तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। अधिकतम तापमान लगभग 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 23 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।