दिल्ली लक्ष्मी योजना को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। बादली विधानसभा क्षेत्र में योजना के तहत फॉर्म भरवाने के लिए रोजाना बड़ी संख्या में महिलाएं विधायक कार्यालय पहुंच रही हैं। कार्यालय में सुबह से ही महिलाओं की कतार लग रही है। स्थानीय स्तर पर रोजाना एक हजार से अधिक महिलाओं के पहुंचने का दावा किया जा रहा है। भीड़ के बीच कुछ महिलाएं योजना को लेकर सरकार का आभार जता रही हैं, तो कुछ का कहना है कि खाते में पहली राशि आने के बाद ही उन्हें योजना पर पूरी तरह भरोसा होगा। फॉर्म भरवाने के लिए विधायक कार्यालय में करीब 20 से 25 लोगों की टीम लगातार काम कर रही है। महिलाओं के लिए पंजीकरण और फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए सीरियल नंबर और टाइम स्लॉट की व्यवस्था की गई है। कार्यालय के अनुसार, पहले महिलाओं का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कर सीरियल नंबर दिया जाता है। इसके बाद फोन के माध्यम से उन्हें समय की जानकारी दी जाती है। निर्धारित स्लॉट में करीब 50 से 60 महिलाओं के प्रति घंटे में फॉर्म भरवाए जा रहे हैं।